कांग्रेस पार्टी की महासचिव और उत्तर प्रदेश की प्रभारी प्रियंका गांधी ने 2022 विधानसभा चुनाव के मद्देनजर यूपी में अपनी तैयारी तेज कर दी है. मिशन यूपी के तहत अब कांग्रेस प्रियंका गांधी के संघर्षो को बयां करने वाले कैलेंडरों को घर-घर पहुंचाने की तैयारी में है.
प्रियंका गांधी की ओर से उत्तर प्रदेश में लगभग 10 लाख कैलेंडर भेजे गए हैं. बताया जा रहा है कि ये कैंलेडर गांव-गांव तक पहुंचाने की योजना है. उत्तर प्रदेश कांग्रेस के प्रदेश सचिव संगठन अनिल यादव ने इन कैलेंडरों को लेकर कहा कि कांग्रेस यूपी को अपना घर और यहां के लोगों को अपना परिवार समझती है.
हर साल की तरह इस साल भी प्रियंका गांधी ने यूपी के लोगों को कैलेंडर भेजे हैं. 12 पेज के इस कैलेंडर में प्रियंका गांधी के संघर्षों वाली तस्वीरों का इस्तेमाल किया गया है. इनमें हाथरस, सोनभद्र के उम्भा जाने के दौरान, इसके अलावा इस कैलेंडर के एक पन्ने पर मंदिर में बैठे हुए उनकी तस्वीर का इस्तेमाल किया गया है.
इस कैलेंडर के जरिए कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी यूपी के लोगों के साथ खड़े रहने का संदेश दे रही हैं. बता दें कि इन दिनों कांग्रेस यूपी के सभी जिलों में संगठन का विस्तार कर रही है. प्रियंका गांधी खुद यूपी से जुड़े हर मामले पर नजर बनाए हुए हैं.
यूपी कांग्रेस प्रियंका गांधी जी के संघर्षों की कहानी कहने वाले कैलेंडर बांटेगी। pic.twitter.com/IBzE3mn2dO
— UP Congress (@INCUttarPradesh) January 21, 2021